प्रधानमंत्री आवास योजना में वित्तीय अनियमितता पर बड़ी कार्रवाई,कलेक्टर अमित कुमार के निर्देशन में दोषियों पर गिरी प्रशासनिक गाज

सुकमा :  जिले में शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन लगातार सख्त कदम उठा रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन तथा जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर के मार्गदर्शन में विकासखंड कोंटा की ग्राम पंचायत बंडा में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में सामने आई वित्तीय अनियमितताओं के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत बंडा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शासकीय राशि के उपयोग में अनियमितताओं की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन द्वारा जांच दल गठित कर पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कराई गई। जांच में वित्तीय अनियमितताओं के तथ्य सामने आने के बाद प्रशासन ने संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की। कार्रवाई के तहत ग्राम पंचायत बंडा के तत्कालीन सचिव श्री कृष्ण प्रकाश सिंह (निलंबित सचिव) को पद से बर्खास्त कर दिया गया है। वहीं वर्तमान सचिव कु. गरिमा नाग तथा सचिव जी. लक्ष्मी को कार्य में लापरवाही न बरतने के निर्देश देते हुए अंतिम चेतावनी पत्र जारी किया गया है।

इसके अलावा ग्राम पंचायत के आवास मित्र, रोजगार सहायक तथा जनपद पंचायत कोंटा के आवास ऑपरेटर को भी पद से बर्खास्त कर दिया गया है। साथ ही जनपद पंचायत कोंटा के ब्लॉक समन्वयक आवास को कलेक्टर द्वारा अंतिम चेतावनी जारी करते हुए भविष्य में किसी भीकार की लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। कार्रवाई से पहले सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर दिया गया था। तथ्यों के आधार पर ही यह निर्णय लिया गया है।

जिला प्रशासन का कहना है कि ग्रामीणों के अधिकारों का हनन करने या शासकीय राशि के दुरुपयोग में लिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। जिला प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में भी यदि किसी भी शासकीय कार्य में अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button