जनगणना-2027 के लिए विभिन्न अधिकारियों की हुई नियुक्ति

दंतेवाड़ा, 12 मार्च 2026 :  जनगणना-2027 के सुचारू संचालन हेतु जारी कार्यालयीन आदेश में आंशिक संशोधन किया गया है। जनगणना अधिनियम 1948 की धारा 4 की उपधारा (2) के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए दंतेवाड़ा जिले में जनगणना-2027 के लिए विभिन्न स्तरों पर जनगणना अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। आदेश के अनुसार कलेक्टर दंतेवाड़ा को प्रमुख जनगणना अधिकारी तथा जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी को अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी प्रकार राजस्व अनुविभाग दंतेवाड़ा, बड़े बचेली और गीदम के अनुविभागीय अधिकारियों को अनुविभागीय जनगणना अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं तहसीलदार दंतेवाड़ा, गीदम, कुआकोण्डा, कटेकल्याण, बड़े बचेली और बारसूर को उनके-अपने तहसील क्षेत्रों के लिए चार्ज जनगणना अधिकारी बनाया गया है।

इसके अतिरिक्त नायब तहसीलदारों को अतिरिक्त चार्ज जनगणना अधिकारी तथा दंतेवाड़ा, गीदम, बारसूर, बड़े बचेली और किरंदुल के नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को नगर चार्ज जनगणना अधिकारी नियुक्त किया गया है। राज्य सरकार द्वारा जनगणना अधिनियम 1948 की धारा 4 की उपधारा (3) के तहत संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्राधिकार में जनगणना अधिकारियों की नियुक्ति से संबंधित घोषणा पत्र जारी करने के लिए भी अधिकृत किया गया है। जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत यह व्यवस्था की गई है, जिससे जिले में जनगणना कार्य व्यवस्थित और समयबद्ध रूप से संपन्न हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button