जंगल पहाड़ी में माओवादियों का बड़ा डम्प बरामद: 46.31 लाख नकद, हथियार व इलेक्ट्रॉनिक सामान जब्त

गरियाबंद-धमतरी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, संभावित बड़ी वारदात टली

गरियाबंद : थाना मैनपुर अंतर्गत ग्राम बड़ेगोबरा के सांपसाटी नामक जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में पुलिस ने माओवादियों द्वारा डम्प कर रखे गए भारी मात्रा में नगद राशि, आर्म्स-एम्यूनेशन, हथियार और इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई जिला पुलिस बल गरियाबंद की ई-30 ऑप्स टीम तथा डीआरजी जिला धमतरी की संयुक्त टीम द्वारा की गई।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शासन की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों से गहन पूछताछ के दौरान प्रतिबंधित संगठन सीपीआई (माओवादी) के धमतरी-गरियाबंद-नुआपाड़ा डिवीजन के शीर्ष लीडरों द्वारा बड़ेगोबरा के सांपसाटी जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में डम्प छिपाकर रखने की जानकारी मिली थी। सूचना के आधार पर डम्प स्थल को चिन्हित कर 28 फरवरी 2026 को जिला मुख्यालय गरियाबंद से ई-30 ऑप्स टीम तथा डीआरजी धमतरी की संयुक्त टीम को सर्चिंग अभियान के लिए रवाना किया गया।

सघन तलाशी अभियान के दौरान पुलिस बल ने पहाड़ी क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखी गई कुल 46,31,500 रुपये (शब्दों में—छियालिस लाख इकत्तीस हजार पांच सौ रुपये मात्र) की नगद राशि बरामद की। इसके अतिरिक्त 01 भरमार बंदूक, 33 भरमार राउंड, 01 सुरका रायफल, 32 बीजीएल सेल, 10 इंसास राउंड, 11 एसएलआर राउंड, 45 एके-47 राउंड, 41 नग .303 राउंड, 23 सिंगल शॉट राउंड, 26 नग 12 बोर राउंड, 13 इलेक्ट्रॉनिक व 10 नॉन-इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, 01 लैपटॉप, 02 मोबाइल सहित भारी मात्रा में नक्सली सामग्री एवं साहित्य भी जब्त किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह डम्प डीजीएन डिवीजन द्वारा भविष्य की घटनाओं को अंजाम देने की नीयत से छिपाकर रखा गया था। समय रहते इसकी बरामदगी से संभावित बड़ी माओवादी घटना को विफल करने में सफलता मिली है।उल्लेखनीय है कि जिला गरियाबंद पुलिस द्वारा पिछले दो वर्षों से लगातार नक्सल उन्मूलन अभियान चलाया जा रहा है। शासन की पुनर्वास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के परिणामस्वरूप जनवरी 2026 तक गरियाबंद-धमतरी क्षेत्र में सक्रिय धमतरी-गरियाबंद-नुआपाड़ा डिवीजन के सूचीबद्ध माओवादियों का या तो आत्मसमर्पण कराया जा चुका है अथवा उन्हें निष्क्रिय करने में सफलता मिली है।पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने संयुक्त टीम की इस कार्रवाई को नक्सल विरोधी अभियान की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा है कि क्षेत्र में शांति एवं विकास के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button