पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) द्वारा अधिकारी एवं कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने हेतु अभिनव पहल

बेमेतरा :  पुलिस अधीक्षक कार्यालय बेमेतरा में दिनांक 30 जनवरी 2026 को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव का जन्मदिन पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्टाफ की उपस्थिति में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर उन्हें जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) रामकृष्ण साहू द्वारा अधिकारी एवं कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने हेतु एक अभिनव पहल की गई है, जिसके अंतर्गत जिले में पदस्थ समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों का व्हाट्सएप ग्रुप तैयार कर उनके जन्मदिन पर शुभकामना संदेश प्रेषित किए जा रहे हैं। इन संदेशों के माध्यम से दीर्घायु, यशस्वी जीवन, उत्तम स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की कामनाएं व्यक्त की जा रही हैं।

इस पहल का उद्देश्य अधिकारी एवं कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करना तथा उनके मध्य आपसी सौहार्द एवं मधुर संबंध स्थापित करना है। ऐसे आयोजनों से कार्य के प्रति जिम्मेदारी की भावना सुदृढ़ होती है तथा विभागीय कार्यों के कुशल एवं प्रभावी निष्पादन में सहायता मिलती है।

इस अवसर पर पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) श्री रामकृष्ण साहू ने कहा कि पुलिस विभाग में टीम वर्क का विशेष महत्व है। जब सभी अधिकारी एवं कर्मचारी एकजुट होकर टीम के रूप में कार्य करते हैं, तभी सकारात्मक एवं प्रभावी परिणाम प्राप्त होते हैं। आपसी सहयोग, समन्वय एवं व्यक्तिगत कौशल के साझा उपयोग से कठिन से कठिन कार्यों को भी सफलतापूर्वक संपादित किया जा सकता है।

कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) राजेश कुमार झा, डीएसपी कौशिल्या साहू, डीएसपी शशिकला उईके, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली बेमेतरा निरीक्षक सोनल ग्वाला सहित पुलिस कार्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button