पुरानी रंजिश में DSP पर चाकू से हमला, दुर्ग निवासी युवक-युवती गिरफ्तार

दंतेवाड़ा :छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के डीएसपी तोमेश वर्मा पर दंतेवाड़ा में पुरानी रंजिश के चलते चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में डीएसपी तोमेश वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर, चेहरे और गले के पास गहरी चोटें आई हैं। उन्हें इलाज के लिए दंतेवाड़ा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार डीएसपी तोमेश वर्मा किसी शासकीय कार्य से दंतेवाड़ा जिला मुख्यालय आए हुए थे। इसी दौरान दुर्ग निवासी ऋषिकेश रामशंकर साहू और रजनीशा वर्मा उनका पीछा करते हुए सुकमा से दंतेवाड़ा पहुंचे। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में मौका मिलते ही दोनों ने अचानक चाकू से डीएसपी पर हमला कर दिया।

बताया जा रहा है कि दोनों आरोपियों और डीएसपी तोमेश वर्मा के बीच दुर्ग जिले की कोर्ट में पहले से एक मामला विचाराधीन था, जिसमें सितंबर 2025 में दोषमुक्ति हुई थी। इसी पुराने केस से जुड़ी रंजिश को हमले की वजह माना जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हमलावर युवक और युवती को गिरफ्तार कर लिया है। मामले को लेकर दंतेवाड़ा के एएसपी आर्केश बर्मन ने बताया कि युवक-युवती से गहन पूछताछ की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी पहलुओं से मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button